15 मार्च 2015 - 19:49
सीरिया को लेकर पश्चिम की दोगली पॉलीसी।

सीरिया के उप विदेशमंत्री फैसल मिक़दाद ने कहा है कि पश्चिम खास कर फ्रांस और ब्रिटेन के अधिकारी क्षेत्र विशेषकर अरब देशों के साथ सहयोग में केवल अपने हितों के बारे में सोचते हैं।

अबनाः प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार सीरिया के उप विदेशमंत्री फैसल मिक़दाद ने कहा है कि पश्चिम खास कर फ्रांस और ब्रिटेन के अधिकारी क्षेत्र विशेषकर अरब देशों के साथ सहयोग में केवल अपने हितों के बारे में सोचते हैं।
उन्होंने अंतर-राष्ट्रीय सिद्धांतों और मूल्यों के विरूद्ध पश्चिमी देशों के रुख की आलोचना करते हुए कहा कि पश्चिमी देश बदस्तूर अपनी नीतियों को दूसरे देशों पर कब्जे और साम्राज्यवादी मानसिकता के आधार पर जारी रखे हुये हैं।
सीरिया के उप विदेशमंत्री ने कहा कि अमेरिका और कई यूरोपीय देशों ने अब तक कई प्रस्ताव पारित करके सीरियाई जनता के लिए कठिनाइयां और समस्याएं खड़ी की हैं और सीरिया संकट को अधिक जटिल बनाया है।
उन्होंने कहा कि यूरोपीय अधिकारी एक तरफ तो सीरिया में आतंकवादियों का समर्थन कर रहे हैं और दूसरी ओर वह नाईजीरिया में बोकोहराम कि जिसने तकफीरी और आतंकवादी गिरोह आईएसआईएल की बैअत की, सहित अन्य आतंकवादी गुटों का मुकाबला करने का भी दावा करते हैं।